आवास के समीप मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी आहुतियां, मिठाई बांटकर मनाया जन्मदिवस
अलीगंज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को अलीगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धार्मिक आयोजन के साथ कार्यक्रम किया। सुबह करीब नौ बजे विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के आवास के समीप स्थित शिव मंदिर में हवन-पूजन कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधायक ने हवन कुंड में आहुतियां देकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।हवन-पूजन के दौरान विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर शिव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान कराया गया है। उन्होंने बताया कि हवन में प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन के साथ देश की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना को लेकर भी आहुतियां दी गईं। विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और धार्मिक आयोजन के रूप में मनाया।

पूजन के बाद मंदिर परिसर में मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों को मिठाई वितरित की गई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। हवन संपन्न होने के बाद लोगों ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। नगर मंडल अध्यक्ष विमल कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिवस होने के चलते हवन-पूजन का आयोजन किया गया।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में अलीगंज पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता बॉबी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, जिला उपाध्यक्ष आशीष राजपूत भाजपा नेता सूरज सिंह राठौर, सम्यक शाक्य, नगर मंडल अध्यक्ष विमल कुमार गुप्ता समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने हवन में आहुति देकर कार्यक्रम में सहभागिता की। दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा
