अलीगंज। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम नगला मोहन में खेत के विवाद को लेकर दबंगों ने एक दंपती पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और सरियों से मारपीट कर पति-पत्नी को लहूलुहान कर दिया। घटना में पति को गंभीर चोटें आई हैं। खेत पर कब्जा का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पीड़ित के खेत पर कब्जा करते दिखाई दे रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 52 वर्षीय मोतीलाल पुत्र राम सिंह अपने घर पर खाना खा रहे थे। घर में ही उनकी परचून की दुकान है। वह दुकान खोलने जा रहे थे, तभी गांव के कुलदीप पुत्र संतोष, खुशीराम पुत्र विजय सिंह, ओमप्रकाश पुत्र विजय सिंह, मकरंद पुत्र नेकराम, मनोज पुत्र खुशीराम सहित अन्य लोग उनके घर पहुंच गए और हमला बोल दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और सरियों से मोतीलाल को पीटा। बचाने पहुंची उनकी पत्नी सुमन के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि दो हमलावर तमंचे लेकर आए थे और उसकी बट से भी वार किया।

मोतीलाल के मुताबिक, आरोपियों ने एक दिन पहले उनके 12 बिस्वा खेत को जोतकर कब्जा कर लिया था। इसके बाद घर पहुंचकर मारपीट की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
