गोंडा इटियाथोक में चोरों का आतंक, एक रात में तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों का माल पार

चोर मस्त, ग्रामीण त्रस्त, पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल

गोंडा। इटियाथोक थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत मध्यनगर का है, जहां बीती रात चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


पीड़ित चितरंजन सिंह उर्फ लाल साहब पुत्र स्व. धर्मराज सिंह निवासी मध्यनगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती रात 12 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखे बक्से और सूटकेस की कुंडी तोड़कर उसमें रखी दो सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन, एक चांदी की पायल और 18 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने डायल 112 और थाने को सूचना दी। पीड़ित ने 13 अक्टूबर को थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

बीते माह बिनौहनी में एक ही रात तीन घरों में हुई थी चोरी

बता दें कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते माह ग्राम बिनौहनी में भी एक ही रात चोरों ने तीन घरों में तांडव मचाया था। गांव के अरविंद कुमार पुत्र रामदेव के घर की छत के रास्ते घुसकर अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 7 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। उसी रात गांव के ही दिनेश कुमार वर्मा के घर से 10 हजार नकद और जेवरात पार कर दिए। तीसरी वारदात रामभवन के घर में हुई, जहां से झुमकी, मटर माला, बाली, बिछिया, पायल समेत हजारों का सामान चोर ले उड़े।

थाने से 100 मीटर दूर डाकघर में 50 हजार की चोरी

चोरों के हौसले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीते दिनों थाना परिसर से महज 100 मीटर दूर स्थित इटियाथोक डाकघर में तैनात अभिकर्ता संत प्यारे तिवारी के काउंटर से दिनदहाड़े 50 हजार रुपये चोरी हो गए थे। जब थाने के बगल में ही सुरक्षित नहीं है, तो गांवों की सुरक्षा का क्या हाल होगा।


लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त ही नहीं करती। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक गोंडा से रात्रि गश्त बढ़ाने और सभी घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की है। वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष इटियाथोक से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका सीयूजी नंबर कवरेज क्षेत्र से बाहर बताता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *