नानपारा में अवैध सुतली बम बनाने और बेचने का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार; 17 किलो से अधिक विस्फोटक बरामद

किराये की दुकान में तैयार किए जा रहे थे सुतली बम, अस्थायी पटाखा दुकानों से हो रही थी बिक्री; बिना वैध अनुमति के कारोबार करने का आरोप

बहराइच। दीपावली पर्व के दौरान अवैध पटाखों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में नानपारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से सुतली बम बनाने और बेचने के आरोप में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 17 किलो 50 ग्राम सुतली बम और पलीता बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को थाना नानपारा की टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिद्दीक मड़ैया में अवैध रूप से सुतली बम का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। वहां से 2 किलो 600 ग्राम सुतली बम, 800 ग्राम पलीता और 1 किलो 800 ग्राम सुतली का बंडल बरामद हुआ।

पूछताछ में अनवर अली ने कथित तौर पर किराये की दुकान में सुतली बम बनाने और अपने साथियों के माध्यम से उनकी बिक्री कराने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सहादत इंटर कॉलेज मैदान में लगी अस्थायी पटाखा दुकानों की जांच की। इस दौरान जीशान की दुकान से 2 किलो 450 ग्राम, शिवम सोनी की दुकान से 3 किलो 50 ग्राम, अमन सोनी की दुकान से 3 किलो 200 ग्राम और मोहम्मद रईस की दुकान से 3 किलो 150 ग्राम सुतली बम बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, संबंधित दुकानदारों के पास अस्थायी आतिशबाजी की दुकान लगाने की अनुमति थी, लेकिन सुतली बम की बिक्री का वैध प्राधिकार नहीं मिला। वहीं, अनवर अली के पास भी विस्फोटक सामग्री के निर्माण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।

इस मामले में थाना नानपारा पर मुकदमा अपराध संख्या 446/2026, धारा 5(क) विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी पांच अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम

  1. अनवर अली पुत्र अब्बास अली, निवासी बंजरिया, नानपारा।
  2. जीशान पुत्र रग्घू, निवासी घसियारन टोला, नानपारा।
  3. शिवम सोनी पुत्र दुर्गा प्रसाद, निवासी पुरानी बाजार, नानपारा।
  4. अमन सोनी पुत्र दुर्गा प्रसाद, निवासी पुरानी बाजार, नानपारा।
  5. मोहम्मद रईस पुत्र अब्दुल रशीद, निवासी बेलदारन टोला, नानपारा।

पुलिस टीम: कार्रवाई में थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विकास वर्मा, कामेश्वर राय सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *