नीलगाय से बाइक की टक्कर में युवक की मौत, पांच माह पहले हुई थी शादी

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम झकरई निवासी 25 वर्षीय निर्दोष कुमार रविवार सुबह बाइक से खेत की ओर जा रहे थे। दाउदगंज मोड़ के पास अचानक नीलगाय सामने आ जाने से उनकी बाइक उससे टकरा गई। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को सीएचसी अलीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, निर्दोष कुमार पुत्र विनोद कुमार सुबह करीब 11:30 बजे घर से बाइक लेकर खेत जाने के लिए निकले थे। दाउदगंज मोड़ पर अचानक नीलगाय सामने आने से टक्कर हो गई जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उन्हें सड़क से उठाकर सहायता की और हादसे की जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद परिजन घायल युवक को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चाचा सुभाष चंद्र ने बताया कि निर्दोष रोज की तरह खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में नीलगाय से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

परिजनों ने बताया कि निर्दोष की शादी पांच माह पहले ही हुई थी। करीब दो माह पूर्व उसकी मां की भी दुर्घटना में मौत हो गई थी। एक के बाद एक हुई घटनाओं से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। अब जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में मातम छा गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि नीलगाय से टक्कर होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा गया है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *