
सिकरी गांव में 33 वर्षीय युवक की मौत से मचा कोहराम, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
संतकबीरनगर। धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के सिकरी गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी 33 वर्षीय दीपक पुत्र जोगी का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे दूरभाष के जरिए सूचना मिली कि सिकरी गांव में एक युवक ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनीष जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान दीपक (33) पुत्र जोगी निवासी सिकरी के रूप में हुई। वह गांव में बने अपने सीमेंट शेड के मकान में अकेले रहता था।ग्रामीणों के मुताबिक, दीपक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग रहते थे। दीपक मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपना और परिवार का जीवनयापन करता था। उसकी जिंदगी में पहले भी पारिवारिक उतार-चढ़ाव आए थे। करीब आठ वर्ष पहले उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पहली पत्नी से उसकी एक बेटी है।
इसके बाद दीपक बिहार की रहने वाली मधु को अपने साथ लेकर आया था। दोनों से दो बेटियां सौम्या (5) और सृष्टि (2) हैं। बताया जाता है कि करीब दस दिन पहले मधु अपने मायके बिहार चली गई थी। इसके बाद दीपक भी पत्नी से मिलने बिहार पहुंचा, लेकिन वहां मुलाकात नहीं हो सकी। वहां से लौटने के बाद वह अपनी बहन के घर गया और सोमवार को अपने गांव सिकरी स्थित मकान पर वापस आ गया।ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की रात दीपक ने खुद भोजन बनाया और खाने के बाद सो गया। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि अगली सुबह ऐसी दर्दनाक खबर सामने आएगी। बुधवार सुबह उसका शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद गांव में मातम छा गया। दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठने की खबर से हर कोई गमगीन नजर आया।
दो मासूम बेटियों के भविष्य पर खड़े हुए सवाल
दीपक की मौत ने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ दिया है। पांच वर्षीय सौम्या और दो वर्षीय सृष्टि अभी इतनी छोटी हैं कि उन्हें शायद इस घटना की गंभीरता का एहसास भी नहीं होगा। लेकिन पिता के साये से वंचित इन मासूमों का भविष्य अब परिवार और समाज के सामने एक बड़ा सवाल बनकर खड़ा है।
फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित आवश्यक जानकारी एकत्र की। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष मनीष जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
