29 वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा भारत दर्शन यात्रा कार्यक्रम आयोजित ।

कोलकाता / जमशेदपुर : समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए 29वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अनोखी पहल की है। श्रीनगर के रावलपुरा, सनतनगर, श्रीनगर (जम्मू एवं कश्मीर) क्षेत्र के अति संवेदनशील इलाकों में हर वक्त चुनौतियों से सामना करने वाले जांबाज जवाने ने
जम्मू-कश्मीर के छात्रों एवं स्थानीय युवाओं को भारत दर्शन यात्रा कराया। इस यात्रा में सीमावर्ती क्षेत्र के 20 छात्रों का दल तथा शिक्षक शामिल हैं। सीआरपीएफ के सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा 7 दिनों का है। जिसका शुभांरभ 16 मार्च को हुआ। जबकि समापन 23 मार्च को होगा।
16 मार्च को श्रीनगर हवाई अड्डे से भारत दर्शन यात्रा में शामिल दल के सभी लोग इंडिगो की फ्लाइट से कोलकाता पहुंचे। कोलकाता में विभिन्न दर्शनीय स्थलों एवं ऐतिहासिक तथा सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर सभी रोमांचित हुये। 19 मार्च को सभी राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। जहां विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगे।

यात्रा के दौरान छात्रों को कोलकाता में सीआरपीएफ के शिविर में ठहराया गया। यात्रा में शामिल छात्रों को आवास, भोजन आदि की समस्त व्यवस्थाओं के साथ-साथ यात्रा बैग, जूते, ट्रैक सूट, टी-शर्ट, टोपी, मोजे आदि आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। सूत्रों ने बताया कि कमांडेंट, 29 वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल रावलपुरा, सनतनगर, श्रीनगर (J&K) के पर्यवेक्षण/मार्गदर्शन में यह भारत दर्शन कार्यक्रम आयोजित की गई। सूत्रों ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों में देश के प्रति सेवा भावना का विकास करना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता की सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत यूनिट द्वारा जम्मू-कश्मीर के अनाथ एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को प्राथमिकता दी गई है।
यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में 29 वीं बटालियन के कमांडेंट पीसी शर्मा सहित बल के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भारत दर्शन दल में शामिल छात्रों के उज्जवल भविष्य एवं सुखद तथा सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दी।
