जमशेदपुर।
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातू घोड़ा मैदान निवासी राजू सिंह का 18 वर्षीय पुत्र आर्यन सिंह बीते 15 मार्च को शाम करीब 4:30 बजे से लापता है। इस संबंध में परिजनों द्वारा सिदगोड़ा थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

बताया जा रहा है कि पढ़ाई और मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर हुई डांट-फटकार से नाराज होकर आर्यन घर छोड़कर चला गया। वह एसडीएम स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है।
बेटे के अचानक घर छोड़ने के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उनकी तबीयत भी बिगड़ गई है। पिता राजू सिंह ने बेहद भावुक अपील करते हुए कहा,
“बेटा, अगर तुम्हें लगता है कि हमने डांटकर गलती की है तो मैं तुमसे माफी मांगता हूं। प्लीज घर लौट आओ, तुम्हारी मां बीमार है और तुम्हें बहुत याद कर रही है।”

इस मामले में सामाजिक संगठन राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रीता तिवारी भी परिवार की मदद के लिए आगे आई हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता हमेशा बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहते हैं और उनकी डांट-फटकार भी उसी का हिस्सा होती है। बच्चों को यह समझना चाहिए कि माता-पिता उनके दुश्मन नहीं, बल्कि शुभचिंतक होते हैं।
उन्होंने आर्यन से अपील करते हुए कहा कि वह जल्द से जल्द अपने घर लौट आए और परिवार को इस पीड़ा से बाहर निकाले।
परिजनों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को आर्यन के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सिदगोड़ा थाना या परिवार को सूचित करें।
