पत्रकार पर हमले की जेजेए ने की कड़ी निंदा, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

रांची/हजारीबाग।
हजारीबाग में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के अस्पताल निरीक्षण के दौरान पत्रकार पर हुए हमले की भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) और झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (JJA) ने कड़ी निंदा की है।

बीएसपीएस के राष्ट्रीय सचिव चंदन मिश्रा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पत्रकार द्वारा मंत्री से सवाल पूछने पर उनके समर्थकों ने मंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ही पत्रकार की पिटाई कर दी, जबकि मौके पर मौजूद अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। उन्होंने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं, झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संपूर्णा नंद भारती ने कहा कि पत्रकारों को निशाना बनाकर हमला करने वाले लोग लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और ऐसे हमलावरों के खिलाफ अविलंब कार्रवाई होनी चाहिए।

बीएसपीएस एवं जेजेए के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि झारखंड में पत्रकारों के साथ बदसलूकी और हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। संगठन ने राज्य और केंद्र सरकार से “पत्रकार सुरक्षा कानून” लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

इस मामले में राष्ट्रीय संयुक्त सचिव विष्णु शंकर उपाध्याय, प्रदेश सचिव जावेद इस्लाम, हजारीबाग जिला अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, उपाध्यक्ष अर्जुन सोनी और अजय मिश्रा सहित कई पत्रकारों ने कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *