बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल: नेवादा बलवापुर फीडर में अवैध वसूली से उपभोक्ता परेशान


बहराइच: जनपद के रामगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नेवादा बलवापुर फीडर से जुड़े गांवों में विद्युत व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में गहरा असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में कार्यरत संविदा एवं निजी लाइनमैनों पर अनियमितताओं और अवैध वसूली के आरोप लगाए हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, संविदा लाइनमैन हारून द्वारा “सीट डाउन” की प्रक्रिया अपनाते हुए निजी व्यक्तियों रहमान व अहमद से कार्य कराया जाता है। आरोप है कि इस दौरान उपभोक्ताओं से अवैध रूप से धनराशि वसूली जाती है और उसे आपस में बांट लिया जाता है।


बताया जा रहा है कि फ्यूज बांधने के नाम पर प्रत्येक उपभोक्ता से ₹50-₹50 वसूले जाते हैं, जबकि लगाए गए फ्यूज एक-दो दिन में ही खराब हो जाते हैं। इसके बाद पुनः उसी कार्य के लिए धनराशि ली जाती है, जिससे उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण हो रहा है।


लगातार हो रही इन समस्याओं से परेशान ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, विद्युत व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और सुचारू बनाने की मांग भी उठाई है, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *