बहराइच। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च घंटाघर चौकी से शुरू होकर पीपल तिराहा होते हुए ट्रांसफार्मर तिराहा तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ पर्व मनाएं तथा शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की गई।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद के सभी संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म समेत सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों से संवाद स्थापित कर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही अराजक तत्वों एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, पुलिस पिकेट, बैरियर व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश भी जारी किए। साथ ही पर्व के दौरान आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए त्वरित एवं प्रभावी पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

प्रशासन द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था संबंधी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
