विकासखंड अलीगंज क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने अपने कार्यालय से जूम मीटिंग के माध्यम से जनगणना कार्य की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए 12 कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।

बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान पाया गया कि कुछ कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन नहीं किया गया, जिससे जनगणना संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर एसडीएम ने कड़ी आपत्ति जताई और जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि जनगणना देश का महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य है, जिसके आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाएं और सरकारी नीतियां तैयार की जाती हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों का वेतन रोका गया है, वे शीघ्र अपना कार्य पूर्ण कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
संतोषजनक जवाब और कार्य प्रगति मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा साथ ही भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार संजय सिंह और नायब तहसीलदार सतीश कुमार सहित अन्य जनगणना कार्य में लगाई गई करनी ऑनलाइन जूम मीटिंग में उपस्थित रहे।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
