बहराइच, 03 जून। राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत साइबर क्राइम पुलिस थाना बहराइच द्वारा थाना रानीपुर क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार सुखनदिया में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुआ।

इस दौरान साइबर क्राइम पुलिस टीम ने लगभग 220 से 250 लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। नागरिकों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय करने तथा विभिन्न एप्लिकेशनों में मजबूत और जटिल पासवर्ड का उपयोग करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अज्ञात लिंक, संदिग्ध एपीके फाइलों और अनधिकृत कॉल या संदेशों से सावधान रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।

इस अवसर पर साइबर क्राइम पुलिस थाना बहराइच के प्रभारी निरीक्षक रणजीत यादव, उपनिरीक्षक विनय मिश्रा तथा उपनिरीक्षक रमेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
साइबर क्राइम पुलिस ने कहा कि आमजन को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
