अलीगंज पत्नी को शौच कराकर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के सामने वारदात से दहला गांव


आधी रात घर के सामने से खींच ले गए हमलावर; पत्नी की आंखों के सामने वारदात, लोहिया अस्पताल ले जाते समय हुई मौत


अलीगंज। थाना क्षेत्र के गांव साडरपुर में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। अपनी दिव्यांग पत्नी को शौच कराकर घर लौट रहे 22 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन उपचार के लिए फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतक की फाइल फोटो


घर से कुछ कदम दूर हुई खूनी वारदात


जानकारी के अनुसार साडरपुर निवासी आशीष पुत्र रनवीर (22) सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे अपनी पत्नी प्रीति को शौच कराने के लिए घर से कुछ दूरी पर लेकर गया था। पत्नी को शौच कराने के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने आशीष को पकड़ लिया और घर के सामने से खींचकर एक ओर ले गए, जहां उसे गोली मार दी गई।


गोली लगने के बाद आशीष मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण और परिजन घरों से बाहर निकल आए। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।


पत्नी बोली- तीन लोग पति को खींचकर ले गए और गोली मार दी
मृतक की पत्नी प्रीति ने बताया,


“मैं दिव्यांग हूं। मेरे पति मुझे शौच कराने के लिए घर से करीब 15 कदम दूर लेकर गए थे। वापस लौटते समय तीन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। वे उन्हें घर के सामने से खींचकर ले गए और गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिर पड़े।”


ग्रामीणों में दहशत, रातभर गांव में जुटी रही भीड़


घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। देर रात तक गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।


एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, जल्द खुलासे के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलमारन साडरपुर गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसएसपी ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
सीओ बोले- हर पहलू पर गहन जांच जारी


अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया,


“प्रथम दृष्टया जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी को शौच कराने गया था। वापस लौटते समय अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी। घायल को उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए हैं और पुलिस टीमें खुलासे में जुटी हैं।”


पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल- आधी रात को किसने और क्यों की हत्या?


साडरपुर में हुई इस हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर आशीष को निशाना बनाने वाले कौन थे, उन्हें उसकी गतिविधियों की जानकारी कैसे थी और हत्या के पीछे क्या वजह रही, इसका जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी इस वारदात से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *