नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को कांग्रेस प्रवक्ता की बधाई, लंबित RTI मामलों के त्वरित निस्तारण की मांग-विजय शंकर नायक



प्रदेश प्रवक्ता, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने झारखंड राज्य सूचना आयोग के सभी नवनियुक्त सूचना आयुक्तों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में राज्य में सूचना का अधिकार (RTI) कानून और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी तरीके से लागू होगा।


नायक ने कहा कि सूचना का अधिकार कानून देश में कांग्रेस पार्टी की अगुवाई वाली सरकार द्वारा लाया गया एक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी कानून है, जिसने आम नागरिकों को शासन-प्रशासन से जवाब मांगने का संवैधानिक अधिकार प्रदान किया। यह कानून लोकतंत्र को मजबूत करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा सरकारी कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का एक प्रभावी माध्यम साबित हुआ है।


उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में वर्षों से बड़ी संख्या में शिकायतवाद एवं द्वितीय अपीलवाद लंबित पड़े हुए हैं, जिसके कारण आम नागरिकों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। सूचना प्राप्त करने के अधिकार का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा जब मामलों का त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।


विजय शंकर नायक ने नव नियुक्त सूचना आयुक्तों से आग्रह किया कि वे लंबित मामलों के निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर “विशेष सूचना अदालत” अथवा विशेष सुनवाई शिविर आयोजित कर वर्षों से लंबित शिकायतों एवं द्वितीय अपीलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें। इससे न केवल आम नागरिकों का आयोग के प्रति विश्वास बढ़ेगा, बल्कि सूचना के अधिकार कानून की प्रभावशीलता भी मजबूत होगी।


उन्होंने कहा कि राज्य के दूरदराज क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों, गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों, आदिवासियों एवं वंचित वर्गों के लिए सूचना का अधिकार एक महत्वपूर्ण हथियार है। इसलिए आयोग को जनहित और पारदर्शिता की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए सूचना प्राप्ति की प्रक्रिया को सरल, सुलभ और समयबद्ध बनाना चाहिए।
अंत में नायक ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सूचना आयुक्त जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए झारखंड में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति को और अधिक मजबूत करेंगे तथा लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *