
संतकबीरनगर। जनपद पुलिस के “क्रैक साइबर क्राइम” अभियान के तहत साइबर सेल एवं बखिरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक पीड़ित को राहत दिलाते हुए उसके खाते से फर्जी तरीके से ट्रांसफर हुए 15 हजार रुपये वापस करा दिए। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को पूरी धनराशि उसके बैंक खाते में वापस मिल गई।
पुलिस के अनुसार, बखिरा थाना क्षेत्र के तिघरा गांव निवासी बब्बूराम चौधरी के खाते से 26 अगस्त 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति के खाते में 15 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाना बखिरा में शिकायत दर्ज कराई। साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी सुमन कुमारी ने शिकायत को तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
साइबर सेल की प्रभावी पैरवी और लगातार फॉलोअप के बाद पूरी 15 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार, महिला आरक्षी सुमन कुमारी, महिला आरक्षी अनामिका सिंह तथा आरक्षी चंद्रभान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल Cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
