20 पोल और 7 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त, विद्युत उपकेंद्र में भरा पानी; दो गांवों की बिजली आपूर्ति घंटों रही बाधित
अलीगंज। शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने अलीगंज उपखंड क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और बारिश के कारण बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, वहीं अलीगंज कस्बे स्थित विद्युत उपकेंद्र में भी बारिश का पानी भर जाने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई।

अलीगंज उपखंड के प्रभारी एसडीओ रोशन कुमार ने बताया कि आंधी और बारिश से उपखंड क्षेत्र में करीब 20 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 25 केवीए क्षमता के छह तथा 63 केवीए क्षमता का एक ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। इस नुकसान के चलते दो गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।
उपकेंद्र में पानी भरने से घंटों गुल रही बिजली
तेज बारिश के कारण अलीगंज कस्बे के विद्युत उपकेंद्र परिसर में पानी भर गया, जिससे सुरक्षा कारणों से विद्युत आपूर्ति बंद करनी पड़ी। उपकेंद्र में जलभराव होने से कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभागीय कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उपकेंद्र से पानी निकाला, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया।

रातभर मरम्मत में जुटी रहीं टीमें
तूफान के कारण कई स्थानों पर बिजली लाइनें टूट गईं और पोल क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही विभागीय टीमों को मौके पर भेजा गया और रातभर मरम्मत कार्य चलता रहा। क्षतिग्रस्त पोलों और ट्रांसफार्मरों को बदलने तथा लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
जल्द सामान्य होगी व्यवस्था
एसडीओ रोशन कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सामान्य करने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है। जहां ट्रांसफार्मर और पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के साथ जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही लोगों से टूटे हुए बिजली तारों और क्षतिग्रस्त उपकरणों से दूर रहने की अपील की गई है।
