जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन पर रहेगा फोकस
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। ऑपरेशन थिएटर में मरीजों की आंखों का इलाज करने वाले दिल्ली के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शशी शेखर अब अलीगंज तहसील की प्रशासनिक कमान संभालेंगे। वर्ष 2022 बैच के पीसीएस अधिकारी डॉ. शशी शेखर को जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने अलीगंज का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें कृषि उत्पादन मंडी समिति अलीगंज के सभापति का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

गुरुवार को नवागत एसडीएम ने तहसील पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों और जनशिकायतों के निस्तारण की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. शशी शेखर ने कहा कि तहसील प्रशासन को आमजन के लिए अधिक सहज, संवेदनशील और जवाबदेह बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार उनका निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों और राजस्व से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी को कम करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाएगी। न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर निस्तारण की प्रक्रिया को गति दी जाएगी, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। डॉ. शशी शेखर ने बताया कि वह जल्द ही तहसील के राजस्व अधिकारियों, कानूनगो, लेखपालों और अन्य कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों, राजस्व वसूली, कानून-व्यवस्था तथा शासन की प्राथमिकताओं पर चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

डॉ. शशी शेखर का प्रशासनिक सफर काफी अलग और प्रेरक रहा
डॉ. शशी शेखर का प्रशासनिक सफर काफी अलग और प्रेरक रहा है। पीसीएस में चयन से पहले वह दिल्ली में नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन के रूप में कार्यरत थे। उनकी शैक्षणिक योग्यता पीजी ऑप्थैल्मोलॉजी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में काम करते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, धैर्य और जिम्मेदारी का जो अनुभव मिला, वह प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में भी उपयोगी रहेगा।
उन्हें 1 अप्रैल 2023 को नियुक्ति मिली। इसके बाद उन्होंने बाराबंकी में डिप्टी कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं। मार्च 2024 से जुलाई 2026 तक वह अंबेडकर नगर में डिप्टी कलेक्टर रहे। एटा स्थानांतरण के बाद जिलाधिकारी के प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें अलीगंज तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवागत एसडीएम ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
