सरल स्वभाव और सादगी की मिसाल रहे सेवानिवृत्त शिक्षक गिरिजा ठाकुर पंचतत्व में विलीन, क्षेत्र में है शोक का लहर

नवनीत कुमार सिंह – मोतिहारी

मोतिहारी।हरसिद्धि प्रखंड के भादा पंचायत निवासी एवं वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षक कामेश्वर कुमार उर्फ गिरिजा ठाकुर का बीते शुक्रवार निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षा, समाज और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित गिरिजा ठाकुर अपने सरल स्वभाव, सादगीपूर्ण जीवन और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए क्षेत्रभर में सम्मानित थे।

उन्होंने अपने शिक्षकीय जीवन में हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा की राह दिखाई और समाज में नैतिक मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन को शिक्षा जगत एवं सामाजिक क्षेत्र की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि गिरिजा ठाकुर का जीवन सेवा,अनुशासन और सद्भावना का प्रतीक था, जिसकी स्मृतियां हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगी।

शनिवार को उनके पैतृक गांव में पूरे विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके पुत्र मधुकर ठाकुर ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक एवं गणमान्य लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।


इस शोकाकुल अवसर पर पूर्व मुखिया विश्वंभर तिवारी, पैक्स अध्यक्ष मंटू तिवारी, ध्रुव ठाकुर, नवाब ठाकुर, अखिलेश ठाकुर, संतोष ठाकुर, अवनीश, हिमांशु सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की,उपस्थित लोगों ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *