बहराइच पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आई महिला, मौत

आकाश मिश्र बहराइच

महसी। रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेहुआ मंसूर में बुधवार शाम पंखे का प्लग लगाते समय बिजली के करंट की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार रेहुआ मंसूर निवासी सुलोचना देवी (60) पत्नी तीरथ राम पांडेय बुधवार शाम करीब 4:30 बजे अपने घर में पंखे का प्लग लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक प्लग में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गईं।

करंट लगते ही महिला गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिजनों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। कुछ ही देर में महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना आसपास के ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया। अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही रामगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया। परिजनों के मुताबिक सुलोचना देवी की मौत घर में पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से हुई। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *