हादसे में एक पुलिसकर्मी घायल, क्रेन की मदद से नाले से निकाली गई क्षतिग्रस्त गाड़ी

अलीगंज। कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर एसएस रिसोर्ट के सामने बुधवार रात सड़क के गहरे गड्ढे के कारण 112 नंबर की पीआरबी गाड़ी का अगला टायर फट गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा घुसी। हादसे में गाड़ी में सवार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी ने निजी अस्पताल में उपचार कराया। हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे 112 नंबर की पीआरबी गाड़ी कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर एक इवेंट के लिए जा रही थी। एसएस रिसोर्ट के सामने सड़क पर बने गहरे गड्ढे में अचानक पहिया जाने से गाड़ी का अगला टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और गाड़ी सड़क किनारे स्थित नाले में जा घुसी। दुर्घटना में एक पुलिसकर्मी को चोट आई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से पीआरबी गाड़ी को नाले से बाहर निकलवाया। दुर्घटना में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

गहरे गड्ढों से हादसे का खतरा
स्थानीय राहगीरों और आसपास के लोगों ने सड़क की खराब स्थिति पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि एसएस रिसोर्ट के सामने मार्ग पर कई जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। संबंधित विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने मार्ग के गड्ढों को जल्द भरवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
