
दिलीप सिंह
अलीगंज एटा
अल्लापुर में शिकायतों के बाद नायब तहसीलदार का छापा, मिट्टी खनन करते पकड़े गए वाहन; पुलिस के सुपुर्द कर शुरू हुई कार्रवाई
एटा/नयागांव। नयागांव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलीपुर के गांव अल्लापुर में लंबे समय से चल रहे कथित अवैध मिट्टी खनन पर मंगलवार को तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नायब तहसीलदार हिमांशु पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खनन में लगी एक जेसीबी तथा मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों वाहनों को तत्काल सीज कर थाना नयागांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में काफी समय से बिना अनुमति मिट्टी खनन की शिकायतें तहसील प्रशासन तक पहुंच रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद हुई इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि नायब तहसीलदार द्वारा की गई कार्रवाई में एक जेसीबी और मिट्टी से भरा ट्रैक्टर थाने पर सीज कर खड़ा कराया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।
जेसीबी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई में पकड़ी गई जेसीबी फर्रुखाबाद से सांसद Mukesh Rajput के भतीजे श्याम मुरारी की बताई जा रही है।

