बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव में एक सूने घर के भीतर 35 वर्षीय युवक का शव टिनशेड के धरन से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी खराब अवस्था में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बबलू तिवारी (35) पुत्र बाबूलाल तिवारी, निवासी रेहुआ मंसूर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह घर में अकेला रहता था। उसकी पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ कुछ दिन पहले मायके बेल्हौरा गई हुई थी। इसी दौरान बबलू लापता हो गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से बबलू गांव में दिखाई नहीं दे रहा था। मंगलवार को उसके घर से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने भीतर जाकर देखा, जहां उसका शव टिनशेड के धरन से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रामगांव थाना प्रभारी गुरुसेन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
थाना प्रभारी गुरुसेन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। मृत्यु के कारण और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
