बहराइच। जनपद के थाना फखरपुर पुलिस को चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी गैंग के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹22 हजार नगद, चांदी के जेवरात, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, पानी के मोटर समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी कैसरगंज श्री धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना फखरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाध्यक्ष श्री संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की कई घटनाओं में शामिल आरोपी कैदबाग बगिया क्षेत्र में चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं और आगे की वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नन्दकुमार यादव निवासी थाना रानीपुर तथा ओबैदुर्रहमान निवासी थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से चोरी का सामान, नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और चोरी का सामान नेपाल सीमा क्षेत्र में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी से अर्जित धनराशि को आपस में बांटते थे तथा नेपाल स्थित कैसीनो में खर्च करते थे।
बरामद सामान में शामिल
- ₹22,000 नगद
- 6 जोड़ी पायल
- 6 बिछुआ
- होंडा शाइन मोटरसाइकिल
- 3 मोबाइल फोन
- 2 सिलाई मशीन
- 2 पानी के मोटर
- चांदी के बर्तन व अन्य सामान
- चोरी में प्रयुक्त पेचकस, चाबी गुच्छा व अन्य उपकरण
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
