समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं अधिवक्ता रामानंद सैनी को मिला ‘समाज रत्न सम्मान’

लखनऊ। भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को समर्पित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में लखनऊ के प्रसिद्ध समाजसेवी, शिक्षाविद्, अधिवक्ता एवं यायावर रामानंद सैनी को ‘समाज रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत भारतीय जन कल्याण एवं विकास संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कवि कृष्ण कुमार मौर्य ‘सरल’ द्वारा प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय सेना के वीर जवानों के सम्मान के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ कवियों और साहित्यकारों का भी अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आयोजक कृष्ण कुमार मौर्य ‘सरल’ ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि रामानंद सैनी साहित्य, समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यायावर प्रवृत्ति के धनी रामानंद सैनी ने आधा दर्जन से अधिक देशों की यात्राएं की हैं। उनकी विशेषता यह रही है कि वे अपनी यात्राओं में सदैव अपनी धर्मपत्नी को साथ रखते हैं। उन्होंने साइकिल से भारत भ्रमण कर सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश भी दिया है। श्री सरल ने कहा कि पारिवारिक एकता, प्रेम और आपसी सहयोग के लिए रामानंद सैनी का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

रामानंद सैनी द्वारा लखनऊ में जरूरतमंदों के बीच सर्दियों में गर्म वस्त्र, भोजन, बर्तन तथा शैक्षिक सामग्री का नियमित वितरण किया जाता है। वस्त्र दान और जनसेवा के विभिन्न कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी वर्षभर बनी रहती है।

कार्यक्रम में बंथरा नगर पंचायत के अध्यक्ष द्वारा भी उनका सम्मान किया गया। बंथरा, लखनऊ में आयोजित इस समारोह में देर रात तक काव्य पाठ का दौर चलता रहा, जिसका उपस्थित श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *