बहराइच। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दरगाह शरीफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रदेश स्तर पर चिन्हित 68 टॉप माफियाओं में शामिल गब्बर सिंह उर्फ देवेन्द्र प्रताप सिंह के संगठित आपराधिक गिरोह के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दरगाह शरीफ रामाज्ञा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना दरगाह शरीफ पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 243/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार प्रदेश स्तर पर चिन्हित माफिया गब्बर सिंह उर्फ देवेन्द्र प्रताप सिंह एक संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन करता है। गिरोह का मुख्य उद्देश्य अपने एवं गैंग के सदस्यों के लिए आर्थिक, भौतिक तथा अन्य प्रकार के लाभ अर्जित करना है। आरोप है कि गिरोह द्वारा जनपद बहराइच सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कमजोर एवं असहाय लोगों की बहुमूल्य भूमि, भवन तथा अन्य संपत्तियों को हड़पने की नीयत से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध कब्जा करने जैसे अपराध किए जाते रहे हैं। गिरोह की गतिविधियों के कारण आम जनता में भय, आतंक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए तथा समाज में इसके सदस्यों का स्वतंत्र रूप से घूमना लोकहित में उचित न पाए जाने पर जिलाधिकारी बहराइच द्वारा गैंग चार्ट अनुमोदित किया गया। इसके आधार पर थाना दरगाह शरीफ में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गैंग के सदस्य अनिल कुमार पुत्र रामकुमार निवासी मोहल्ला हमजापुरा, थाना दरगाह शरीफ, जनपद बहराइच को सोमवार सुबह लगभग 10 बजे अनारकली रोड रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 59 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार गैंग के सरगना गब्बर सिंह उर्फ देवेन्द्र प्रताप सिंह के विरुद्ध प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कुल 67 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार अभियुक्त अनिल कुमार के विरुद्ध भी थाना दरगाह शरीफ में धोखाधड़ी, जालसाजी एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित मुकदमा संख्या 415/2023 धारा 419, 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी आईपीसी तथा वर्तमान गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह, निरीक्षक अपराध रामजन यादव, उपनिरीक्षक आशुतोष राय, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार तथा कांस्टेबल प्रेम प्रकाश यादव शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
