उत्थान आडिटोरियम में सम्पन्न हुआ विकसित भारत संकल्प सम्मेलन

माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी स्टाल

बहराइच 17 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में 12 साल विश्वास के, विकास के विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा कमलेश मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि सांसद बहराइच डॉ. आनंद कुमार गोंड रहे। सम्मेलन में विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, सदर विधायक के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता,जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद,डीपीआरओ चन्द्रभान सिंह सहित अन्य अधिकारी, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों के अवलोकन से हुआ। मुख्य अतिथि एवं सांसद ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

जिसमें सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनहितकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया था। जबकि प्रदर्शनी में माध्यमिक शिक्षा विभाग,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, चिकित्सा विभाग, खादी ग्रामोद्योग, बैंक विभाग, रेशम विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, नगर विकास, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पंचायती राज विभाग की भी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।


इसके उपरांत ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कमलेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।


विशिष्ट अतिथि सांसद गौड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। सम्मेलन में वक्ताओं द्वारा सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *