अलीगंज कस्बा के मोहल्ला बालकिशन में मंगलवार शाम करीब 7 बजे एक 5 वर्षीय बालक रास्ता भटककर गली में घूमता हुआ मिला। बच्चा अपनी पहचान बताने में असमर्थ था, जिस पर कस्बा वासियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बालकिशन निवासी रोशन लाल के यहां त्रयोदशी संस्कार का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान ग्राम कुरार थाना मेरापुर निवासी 5 वर्षीय दिव्यांश पुत्र मिथुन अपने माता-पिता के साथ समारोह में आया था। इसी बीच वह किसी सामान को लेने के बहाने घर से बाहर निकला और रास्ता भटक गया।
काफी देर तक भटकने के बाद जब वह स्थानीय लोगों को मिला, तो उन्होंने उससे पूछताछ की, लेकिन बच्चा कुछ स्पष्ट नहीं बता सका। इसके बाद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उसे तत्काल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर बच्चे के दादाजी रमेश चंद्र कोतवाली पहुंचे, जहां आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने दिव्यांश को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
दिव्यांश के दादाजी रमेश चंद्र ने बताया कि वे रिश्तेदारी में त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने अलीगंज आए थे। इसी दौरान दिव्यांश घर से बाहर निकलकर गुम हो गया था। पुलिस की मदद से उनका नाती सुरक्षित मिल गया।
👉 इस पूरी घटना में कस्बा वासियों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
