बहराइच, 26 अप्रैल। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह ने रविवार को थाना रानीपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों का रख-रखाव, ड्यूटी/आगंतुक/अपराध रजिस्टर, मालखाना, हवालात एवं महिला हेल्प डेस्क का गहन जायजा लिया।

उन्होंने अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई, पुलिस बल की उपस्थिति, बीट प्रणाली और गश्त व्यवस्था का निरीक्षण कर प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।

महिला संबंधी अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नवदीक्षित आरक्षियों के लिए थाने पर आवास एवं भोजन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को स्वच्छ और सुरक्षित आवास तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
