
संतकबीरनगर। जनपद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान पांच अभियुक्तों को अवैध असलहों, कारतूसों और दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बनकटिया गांव के पश्चिम स्थित बाग के पास की।गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, चार तमंचे (तीन 315 बोर व एक 12 बोर), छह जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, तीन मोबाइल फोन, ₹750 नकद तथा दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। मोटरसाइकिलों के वैध दस्तावेज न मिलने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अवैध असलहे अलग-अलग लोगों से खरीदे थे और उनका उपयोग लोगों को डराने-धमकाने तथा आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए करते थे। बरामदगी के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस सफल कार्रवाई पर पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए ₹25 हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
