ब्रेक फेल होते ही बेकाबू हुई रोडवेज बस, टला बड़ा हादसा; चालक पर टूट पड़ा लोगों का गुस्सा

बस स्टैंड के बाहर बाइक से हुई टक्कर, मारपीट में चालक बेहोश, आधे घंटे प्रभावित रहा यातायात

अलीगंज शुक्रवार को अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एटा डिपो की एक रोडवेज बस अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही अपाचे बाइक से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने बस चालक के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना के चलते मुख्य मार्ग पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोडवेज बस बस स्टैंड से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान अचानक बस के ब्रेक जवाब दे गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने की भरसक कोशिश की, लेकिन वाहन बेकाबू होकर सामने से आ रही अपाचे बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसा होते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। घटना में बाइक सवारों के घायल होने की सूचना फैलते ही माहौल गर्मा गया।

कुछ लोगों ने दुर्घटना के लिए बस चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चालक राजीव पुत्र तुलसीराम निवासी नगला चोखे के साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट के दौरान चालक सड़क पर गिर पड़ा और कुछ समय के लिए बेहोश हो गया।

हादसे और उसके बाद हुए हंगामे के कारण बस स्टैंड के बाहर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग व्यवस्था संभालने में जुटे, जिसके बाद यातायात सुचारु कराया जा सका।

घटना के बाद रोडवेज कर्मचारियों में भारी रोष देखने को मिला। कर्मचारियों ने दुर्घटना को तकनीकी खराबी का परिणाम बताते हुए चालक के साथ हुई मारपीट की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल के साथ-साथ चालक के साथ मारपीट करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

रोडवेज चालक अनूप कुमार ने बताया कि बस के ब्रेक अचानक फेल हो जाने से यह दुर्घटना हुई। उनका कहना है कि चालक ने अंतिम क्षण तक बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हादसा टाला नहीं जा सका।

रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी आलोक पांडेय ने भी ब्रेक फेल होने की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन इसके बाद चालक के साथ की गई मारपीट किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराई जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *