बहराइच, 14 अगस्त 2026। “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में शुक्रवार को जनपद में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करना रहा।

तिरंगा यात्रा में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
अधिकारी एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों के साथ आमजन को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन बहराइच से प्रारंभ होकर अस्पताल चौराहा एवं पानी टंकी चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन में सम्पन्न हुई।

यात्रा के माध्यम से जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, कार्यस्थलों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को और अधिक मजबूत करना है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करें तथा देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “यह तिरंगा यात्रा जारी रहेगी।” साथ ही उन्होंने आमजन से “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

