संविधान शिल्पी के जयकारों से गूँजी अलीगंज की सड़कें, निकली भव्य शोभायात्रा

श्रद्धाजंलि सभाओं के साथ मनाई गई 135वीं जयंती, किया नमन

अलीगंज। भारतीय संविधान के निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती अलीगंज क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कस्बे से लेकर सुदूर ग्रामीण अंचलों तक बाबा साहेब के प्रति अटूट आस्था का नजारा देखने को मिला। नगर में जहाँ विशाल शोभायात्रा के जरिए सांस्कृतिक एकता की झलक दिखी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

नीले परचम तले निकली भव्य शोभायात्रा


नगर की मुख्य शोभायात्रा का शुभारंभ मोहल्ला चमन नगरिया से हुआ, जिसे मुख्य संयोजक सुभाष चंद्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शोभायात्रा बैंड-बाजों और बाबा साहेब के गगनभेदी जयकारों के साथ चमन नगरिया से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, गांधी चौराहा, तहसील रोड और मातादीन चौराहा से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। शोभायात्रा का विधिवत समापन पुराना बस स्टैंड पर हुआ, जहाँ जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन अनगिनत बाधाओं और संघर्षों की मिसाल है। उन्होंने जातिवाद और छुआछूत जैसी कुरीतियों को जड़ से मिटाकर एक समतामूलक समाज की नींव रखी। इस दौरान शशिकांत, अनिल सागर और आशीष गौर सहित बड़ी संख्या में युवा और बच्चे शामिल रहे।

ग्राम अंगरैया में विधायक पुत्र ने अर्पित की श्रद्धाजंलि


इसी कड़ी में अलीगंज के ग्राम अंगरैया में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे क्षेत्रीय विधायक पुत्र सूरज राठौड़ ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सूरज राठौड़ ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर केवल एक वर्ग के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के मसीहा थे। उनके द्वारा दिखाए गए समानता और शिक्षा के मार्ग पर चलकर ही समाज का कल्याण संभव है। इस दौरान उनके साथ विजयपाल सिंह, रामबाबू, देवेंद्र सिंह, बादाम सिंह और गंगा प्रसाद सहित अनेक स्थानीय लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

ग्रामीण अंचलों में गूँजा समानता का संदेश


अलीगंज क्षेत्र के अन्य हिस्सों जैसे अकबरपुर कोट, झकरई, कंचन पुर, आसे नगला और चमनपुर में भी श्रद्धाजंलि कार्यक्रमों की धूम रही। भदूईया मठ पर भाजपा उपाध्यक्ष आशीष राजपूत ने कार्यक्रम की कमान संभाली और हरी झंडी दिखाकर स्थानीय आयोजन का शुभारंभ किया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एकजुट हुए जिनमें अरविंद शाक्य, नवीन राजपूत, डॉ. रामप्रकाश, शिवम पाठक, डॉ. राहुल और वीरेंद्र प्रताप सिंह जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने के लिए बाबा साहेब के योगदान को अतुलनीय बताया।

चिकित्सा संस्थानों और राजनीतिक दलों ने किया नमन


जयंती के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहाँ डॉ. अश्वनी मित्तल ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया, जहाँ उनके साथ डॉ. विवेक वशिष्ठ, आर्यन विमल और सौरभ आदि मौजूद रहे। वहीं राजनीतिक खेमे से सपा नेता व ब्लॉक प्रमुख जैथरा रामनाथ सिंह ने भी अम्बेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर समाज को उनके सिद्धांतों को अपनाने का संदेश दिया। इस मौके पर सुभाष शाक्य, रामप्रकाश, लायक सिंह, विनोद फौजी और सुरेंद्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के मिशन को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *