प्राथमिक विद्यालय लडसिया में शिक्षा की गुणवत्ता परखी, बच्चों के कमजोर जवाब से बीडीओ ने जताई नाराजगी

निरीक्षण में पेयजल व्यवस्था भी मिली बदहाल, जल निगम अधिकारियों को तत्काल पानी की सप्लाई शुरू कराने के निर्देश

अलीगंज। विकासखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लडसिया में सोमवार को खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछकर शैक्षिक गुणवत्ता परखी, लेकिन बच्चे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर बीडीओ ने शिक्षकों को शिक्षण कार्य में सुधार लाने और बच्चों की शैक्षिक क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। पेयजल व्यवस्था की पड़ताल में सामने आया कि विद्यालय में जल निगम की पाइपलाइन का कनेक्शन होने के बावजूद अभी तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। इस पर उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर तत्काल पेयजल आपूर्ति चालू कराने के निर्देश दिए।

बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। शिक्षकों को नियमित रूप से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालय में पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *