अलीगंज। कस्बे के मोहल्ला काजी मुनव्वर पेट के पास बुधवार को सड़क किनारे लटके बिजली के तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्र केशव शर्मा करंट की चपेट में आ गया। तेज झटका लगने से छात्र करीब पांच फीट दूर जाकर गिरा, जबकि उसकी साइकिल बिजली के पोल के नीचे तारों में चिपक गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्रित हो गए।

राहगीरों के अनुसार, सड़क पर एक ओर चार पहिया वाहन आ रहा था, जबकि दूसरी ओर छात्र केशव साइकिल से जा रहा था। वाहन को बचाने के प्रयास में छात्र सड़क किनारे बिजली के खंभे के नीचे लटके तार के संपर्क में आ गया। तार छूते ही उसे जोरदार करंट लगा और वह करीब पांच फीट दूर जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही केशव के पिता योगेश शर्मा मौके पर पहुंचे और बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क किनारे बिजली के खंभे के नीचे खुले और लटके तार हादसे को दावत दे रहे हैं।
योगेश शर्मा ने बताया कि यह आम रास्ता है और यहां से कई स्कूलों के बच्चे गुजरते हैं। उन्होंने बिजली विभाग से लटके तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। मामले में बिजली विभाग के एसडीओ अतुल कुमार से जानकारी लेने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
