अलीगंज में आबकारी विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, छह शराब दुकानों का निरीक्षण

सीसीटीवी बंद मिलने पर क्षेत्राधिकारी ने दिए चालू कराने के निर्देश, 17 सितंबर तक चलेगा जांच अभियान

अलीगंज। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशन में बुधवार को अलीगंज कस्बे में आबकारी विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शराब की दुकानों पर निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। आबकारी विभाग के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार चौहान, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर के नेतृत्व में टीम ने कस्बे की देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को लेकर क्षेत्राधिकारी ने दुकान संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आबकारी विभाग के निरीक्षक कुलदीप कुमार चौहान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कस्बे में कुल छह शराब दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, सेल रजिस्टर, क्यूआर कोड सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही दुकानों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की गई।

टीम ने डाक बंगला स्थित देसी शराब के ठेके और अंग्रेजी शराब की दुकान के अलावा नगला पड़ाव, मैनपुरी तिराहा तथा कस्बे की अन्य शराब दुकानों का निरीक्षण किया। नगला पड़ाव स्थित देसी शराब के ठेके पर सीसीटीवी बंद मिलने पर क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने उसे सुचारू रूप से चालू कराने के निर्देश दिए।

आबकारी प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार चौहान ने बताया कि यह विशेष जांच अभियान 8 सितंबर से 17 सितंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों का लगातार निरीक्षण कर स्टॉक, अभिलेखों और निर्धारित मानकों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *