प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर पंचायत भवनों से स्कूलों तक दीपों की रोशनी से जगमगाया ब्लॉकअलीगंज शाम ढलते ही अलीगंज ब्लॉक का नजारा बदल गया। गांवों में एक साथ हजारों दीप जले तो पंचायत भवनों से लेकर सरकारी विद्यालयों और अन्नपूर्णा भवनों तक रोशनी की कतार दिखाई देने लगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक क्षेत्र में करीब 51हजार दीपक जलाए गए।
सबसे आकर्षक दृश्य देहलियापूठ स्थित अमृत सरोवर पर दिखाई दिया, जहां अकेले 2000 दीपों ने पूरे परिसर को रोशनी से भर दिया।अमृत सरोवर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सरोवर किनारे एक साथ जलाए गए दीपों से परिसर जगमगा उठा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने दीप प्रज्ज्वलन में सहभागिता की।इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, प्रधान संघ अध्यक्ष विष्णु मिश्रा और एपीओ अमरदीप तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-गांव दीप जलाने की व्यवस्था की गई।
ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों को दीपों से सजाया गया। ग्राम पंचायत सचिवों की ओर से भवनों पर दीप जलाए गए। ससोता दोसपुर में एडीओ पंचायत राकेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित किए। वहीं अन्नपूर्णा भवनों पर कोटेदारों ने दीप जलाकर परिसर को रोशन किया। सरकारी विद्यालय भी इस अभियान से अछूते नहीं रहे।विद्यालयों में दीप जलाए जाने के बाद शाम के समय पूरा परिसर रोशनी से जगमगाता नजर आया। अलग-अलग गांवों में ग्रामीणों और पंचायत कर्मियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी की। ब्लॉक क्षेत्र में एक साथ हजारों दीप जलने से गांवों में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। देहलियापूठ के अमृत सरोवर पर 2000 दीपों की रोशनी विशेष आकर्षण बनी रही, जबकि पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों और विद्यालयों पर जले दीपों ने पूरे अभियान को व्यापक रूप दिया।
