अरेराज में धूमधाम से शुरू हुआ एक माह का श्रावणी मेला, डीएम-एसपी व पीठाधीश्वर ने किया उद्घाटन

नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी

अरेराज (पूर्वी चंपारण) प्रसिद्ध ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल बिहार के काशी के नगरी बाबा सोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में बुधवार को एक माह तक चलने वाले पवित्र श्रावणी मेले का विधिवत एवं भव्य शुभारंभ हुआ।मेले का उद्घाटन मंदिर के पीठाधीश्वर सह महामंडलेश्वर स्वामी रविशंकर गिरि, जिला अधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी,

अनुमंडल पदाधिकारी अंजली शर्मा, अरेराज पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार, थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी तथा नगर पंचायत अध्यक्ष अमितेश पांडेय उर्फ रंटू पांडेय ने संयुक्त रूप से किया।उद्घाटन समारोह के अवसर पर पीठाधीश्वर स्वामी रविशंकर गिरि ने कहा कि बाबा सोमेश्वरनाथ धाम उत्तर बिहार और नेपाल के श्रद्धालुओं की अगाध आस्था का केंद्र है। सावन के इस पावन महीने में लाखों भक्त जलाभिषेक के लिए आते हैं, जिनकी सेवा और सुविधा हमारी प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मेला परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, सफाई एवं विधि-व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सैकड़ों गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी मौजूदगी रही। मेले के पहले ही दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *