अलीगंज ब्लॉक के विकास कार्यों की जांच, टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण

शिकायत के आधार पर गांवों और ब्लॉक परिसर में विभिन्न निर्माण कार्यों का सत्यापन, रिपोर्ट लोकायुक्त को भेजी जाएगी

एटा। अलीगंज विकास खंड में क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए विकास कार्यों की शिकायत के आधार पर मंगलवार को जांच टीम ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। हाथरस के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पी.एन. दीक्षित ने ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों और ब्लॉक परिसर में पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया।

जांच के दौरान सड़क, नाली, नाला, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, मनरेगा कार्यालय, सभागार, टीन शेड सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। टीम ने मौके की स्थिति का अवलोकन करने के साथ संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार, अलीगंज निवासी रामगोपाल सिंह शाक्य की शिकायत पर यह जांच की जा रही है। शिकायत में वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच क्षेत्र पंचायत निधि से कराए गए कुछ विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं आरोपों के क्रम में लोकायुक्त के निर्देश पर स्थलीय जांच कराई जा रही है।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर नालियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से जुड़े बिंदुओं को दर्ज किया गया। जांच टीम ने विभिन्न कार्यों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक जानकारी एकत्र की।
अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान संकलित तथ्यों और अभिलेखों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर लोकायुक्त को भेजी जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

दिलीप सिंह अलीगंज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *