दिलीप सिंह
अलीगंज एटा
गुरुवार दोपहर 12:30 बजे हुआ शिलान्यास कार्यक्रम, सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में शुरू हुई विकास परियोजनाअलीगंज। विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के ग्राम खरसुलिया स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र विश्वनाथ धाम मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा 96 लाख 44 हजार रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद परियोजना का शिलान्यास किया।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके बाद विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण कर विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी, श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। विश्वनाथ धाम क्षेत्र की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां स्वीकृत विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर के विकास, सौंदर्यीकरण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विश्वनाथ धाम क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल बनकर उभरेगा।
