मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को मारी गोली, हालत गंभीर; दो आरोपियों को पहचानने का दावा


एटा/अलीगंज। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव दहेलिया पूठ में सोमवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल महिला ने दो आरोपियों को पहचानने का दावा किया है। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


जानकारी के अनुसार, साधना मिश्रा (40) पत्नी राजेश मिश्रा रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। उनका आरोप है कि गांव के सचिवालय के पास एक वाहन आकर रुका, जिसमें से कुछ लोग उतरकर उनका पीछा करने लगे। आगे बढ़ने पर उन्हें अन्य लोग भी दिखाई दिए, जिससे वह घिर गईं।


घायल महिला के मुताबिक, पीछे मुड़कर देखने पर उन्होंने दो लोगों को पहचान लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने उन्हें पकड़ लिया, जिसके बाद गोली चला दी गई। महिला ने दो आरोपियों के नाम बल्लू और गुलबहार बताए हैं। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।


घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि सुबह करीब 5:10 बजे महिला को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति मीणा ने बताया कि महिला के शरीर पर गोली लगने जैसे घाव पाए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


सुबह के शांत माहौल में हुई इस वारदात से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों, संभावित सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।

रिपोर्ट: दिलीप सिंह मंडल ब्यूरो, एटा (उत्तर प्रदेश)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *