हर महीने 19 तारीख को लगेगा नेत्र जांच शिविर, 80 मरीजों ने लिया उपचार

सचल नेत्र चिकित्सा वाहन से हुई आंखों की जांच, 10 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मथुरा बुलाए गए

अलीगंज ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को अलीगंज में नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। कल्याण करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन मार्ग, मथुरा से आए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वातानुकूलित सचल नेत्र चिकित्सा वाहन के माध्यम से मरीजों की आंखों की जांच की गई। शिविर का शुभारंभ विधायक पुत्र सूरज राठौड़ ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने पहुंचकर नेत्र परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श लिया।

शिविर में करीब 80 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान करीब 10 मरीज ऐसे मिले, जिन्हें मोतियाबिंद ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई। इन मरीजों को आगे की चिकित्सा प्रक्रिया और ऑपरेशन के लिए कल्याण करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड, मथुरा बुलाया गया है। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां और मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

संस्था के कोऑर्डिनेटर पंकज त्यागी ने बताया कि अंधता निवारण के उद्देश्य से कल्याण करोति, मथुरा की ओर से अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला राधाकृष्ण स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय में प्रत्येक माह की 19 तारीख को नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक ही नेत्र रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि सचल नेत्र चिकित्सा वाहन में आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से मरीजों के चश्मे की जांच के साथ मोतियाबिंद, नासूरा, परवल और कालापानी सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच की जाएगी। जांच के बाद चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार मरीजों को उपचार, दवाइयां और मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए आगे भेजा जाएगा।

पंकज त्यागी ने बताया कि जांच केंद्र पर ऑपरेशन के लिए चयनित होने वाले मरीजों के ऑपरेशन कल्याण करोति द्वारा संचालित नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड, मथुरा में किए जाएंगे। मरीजों को जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आंखों के उपचार के लिए दूर-दराज भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और प्रारंभिक जांच उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड, दीनदयाल उपाध्याय कार्ड तथा अन्य सरकारी कार्डधारकों के लिए अस्पताल में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। शिविर के दौरान मरीजों को नेत्रों की देखभाल और समय पर उपचार कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विभाग कार्यवाह सौरभ सिंह, कायाकल्प प्रभारी सत्य प्रताप सिंह राठौड़, अवनीश तोमर सहायक अध्यापक, देवेंद्र आचार्य, नगर कार्यवाह विकास, सुनील चौहान, अनिल के साथ मथुरा से आये कोऑर्डिनेटर पंकज त्यागी, ऑप्टिकल हरदेव, राहुल, नरेश सहित चिकित्सा टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *