पश्चिम बंगाल की जीत पर अलीगंज में भाजपाइयों का जश्न, पटाखों की गूंज और मिठाईयों की मिठास

मातादीन चौराहा स्थित विधायक आवास पर जुटे कार्यकर्ता, एक-दूसरे को दी बधाई

अलीगंज पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर अलीगंज क्षेत्र में भाजपाइयों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। नगर के मातादीन चौराहा स्थित विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के आवास पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर खुशी का इजहार किया।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। माहौल पूरी तरह से उत्सवी हो गया, जहां भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने इस जीत को पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे का प्रतीक बताया। इस मौके पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व की जनकल्याणकारी नीतियों की सफलता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है, जिसका परिणाम इस विजय के रूप में सामने आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत सभी के सामूहिक प्रयासों का फल है। वहीं विधायक पुत्र सूरज राठौर ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यशैली ने जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी पार्टी इसी तरह जनता के हित में कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में लोकपाल सिंह शाक्य, अहमद वारिस उर्फ बबलू प्रधान, मुन्नालाल राजपूत प्रधान, रुपेंद्र शाक्य, विजय शाक्य, शिवांक मिश्रा, सुबोध और जीतू राठौर सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी की जीत का जश्न मनाया और भविष्य में भी इसी तरह संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *