सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता, बहराइच

बहराइच। शासन के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील नानपारा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक नानपारा राम निवास वर्मा की उपस्थिति में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास, चिकित्सा तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए तथा नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने निस्तारित प्रार्थना-पत्रों की आख्या समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा की जा सके। वहीं गंभीर एवं जटिल प्रकृति की शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण के लिए मौके पर भेजा गया। टीम को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *