विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में गिनाई गईं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां

अलीगंज ब्लॉक सभागार में आयोजित जागरूकता शिविर में छात्र-छात्राओं ने भी किया प्रतिभाग

अलीगंज। विकासखंड अलीगंज के बैठक सभागार में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं नीतियों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अलीगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य ने प्रतिभाग करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर विकासखंड अधिकारी (बीडीओ) शिवशंकर शर्मा, डीएवी इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. होम सिंह शाक्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, एडीओ पंचायत अनुज यादव तथा एडीओ आरडी शिव प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिक्षक, प्राचार्य और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद

सम्मेलन में भारती जनता इंटर कॉलेज के शिक्षक रजनीश कुमार तथा आदर्श सार्वजनिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंगदपुर के प्रधानाचार्य गुलवीर सिंह ने सहभागिता की। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम में बताए गए विषयों की जानकारी प्राप्त की।

नए कानूनों, शिक्षा नीति और योग दिवस पर हुई चर्चा

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय साक्ष्य अधिनियम, आपराधिक कानूनों में हुए बदलाव, अनुच्छेद-370, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए), आयुष्मान भारत योजना, नई शिक्षा नीति-2020 तथा 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने कहा कि नए कानून न्याय व्यवस्था को अधिक सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं, जबकि नई शिक्षा नीति देश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।

कार्यक्रम का संचालन विकासखंड अलीगंज में प्रधान सहायक अनुपम मिश्रा ने किया। उन्होंने विभिन्न विषयों पर वक्ताओं का परिचय कराया तथा कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया।

अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नागरिकों से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

दिलीप सिंह संवाददाता अलीगंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *