श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस कंस वध प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन


कथा वाचक अंकुल शास्त्री ने बताया अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश


अलीगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम किन्नरी खैराबाद स्थित मातारानी मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा एवं ज्ञान यज्ञ के द्वितीय दिवस श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा वाचक अंकुल शास्त्री (इटावा) ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन करते हुए कंस वध प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।


कथा के दौरान अंकुल शास्त्री ने कहा कि जब अत्याचार और अधर्म अपनी सीमाएं पार कर जाते हैं, तब धर्म की स्थापना के लिए भगवान स्वयं अवतार लेते हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अत्याचारी राजा कंस के वध की कथा सुनाते हुए बताया कि सत्य और धर्म की सदैव विजय होती है, जबकि अहंकार और अन्याय का अंत निश्चित है।


कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का श्रवण कर भाव-विभोर हो गए। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।


इससे पूर्व सोमवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है।
आयोजन को लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। कथा के समापन पर 20 जून को पूर्णाहुति एवं 21 जून को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

दिलीप सिंह तहसील संवाददाता अलीगंज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *