
संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और दहेज मृत्यु के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि विवाहिता को लंबे समय से दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, थाना बेलहरकला में 29 जुलाई को मृतका के पिता ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री को उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की अवैध मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 22 जुलाई को विवाहिता के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी गर्दन में गंभीर चोट लग गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 218/2026 के तहत धारा 80(2), 85, 238 बीएनएस एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में थाना बेलहरकला पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए राजेबोहा गांव निवासी विकेश पुत्र शम्भू, तिजिया पत्नी शम्भू और गुलाबी पुत्री शम्भू को गिरफ्तार कर लिया।थानाध्यक्ष हरिकेश भारती के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तीनों आरोपितों को उनके गांव राजेबोहा से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव, कांस्टेबल बृजेश यादव, राजू राम, महिला कांस्टेबल आकांक्षा सिंह एवं महिला कांस्टेबल शिवांगिनी पाठक शामिल रहीं।
