करीब 20 फीट ऊंचा गोगा जाहरवीर बाबा का निशान लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा पूरा अलीगंज

दिलीप सिंह अलीगंज एटा

गुलाम हुसैन मोहल्ला से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली निशान यात्रा, समापन पर होगी गोगा जाहरवीर बाबा की प्रतिमा स्थापना; पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ आयोजन

अलीगंज। सावन माह के पावन अवसर पर सोमवार को कस्बा अलीगंज में करीब 20 फीट ऊंचा गोगा जाहरवीर बाबा का निशान लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।

निशान यात्रा का शुभारंभ सुबह करीब 11:30 बजे मोहल्ला गुलाम हुसैन से हुआ। इसके बाद यात्रा मातादीन चौराहा, किला रोड, बंगला, मनिहार मोहल्ला, राधाकिशन मोहल्ला और पड़ाव होते हुए पुनः गुलाम हुसैन मोहल्ला पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक बाबा का गुणगान किया और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम के आयोजक संतोष भगत ने बताया कि यह निशान यात्रा कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से होकर निकाली गई। उन्होंने कहा कि यात्रा के समापन के बाद मोहल्ला गुलाम हुसैन में गोगा जाहरवीर बाबा की प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य समाज में आस्था, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।

आयोजन को सफल बनाने में संतोष भगत, रामपाल, पवन, राजेश, राम प्रवेश, राजा, कमल, अतुल, पायल, प्रियंका, काजल, रामनदिनी, रामधनी, चांदनी और सुनेना सहित अनेक श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

कस्बा इंचार्ज मनीष बलियान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोहित तालान, रोहताश कुमार और शिव कुमार चौधरी सहित पुलिस बल पूरे जुलूस मार्ग पर तैनात रहा। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को भी सुचारु बनाए रखा, जिससे धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *