अलीगंज साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई, पीड़ित ने जताया आभार
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अलीगंज। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना अलीगंज की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई एक महिला के खाते से निकाली गई धनराशि में से 8 हजार रुपये वापस कराए हैं। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित महिला ने अलीगंज पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क टीम का आभार जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी सीमा पत्नी संतोष कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उनके खाते से साइबर ठगों द्वारा 30,999 रुपये की धनराशि का फ्रॉड कर लिया गया है।
पीड़िता की शिकायत पर थाना अलीगंज में मौजूद साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर टीम ने संबंधित बैंक और तकनीकी माध्यमों से मामले की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी, उन खातों पर होल्ड और लियन लगवाया गया साथ ही संदिग्ध खातों को फ्रीज कर धनराशि को सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
अलीगंज साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में प्रभावी पैरवी की। टीम के प्रयासों से पीड़िता के खाते से फ्रॉड की गई कुल 30,999 रुपये की धनराशि में से 8 हजार रुपये वापस कराए गए। धनराशि वापस मिलने पर सीमा ने थाना अलीगंज पहुंचकर साइबर हेल्प डेस्क टीम और एटा पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल या अनधिकृत बैंक लेनदेन की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को रोका जा सके। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक पंकज मणि, कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र सिंह सहित साइबर हेल्प डेस्क टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
