नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी
अरेराज उत्पाद पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। अरेराज उत्पाद पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पहाड़पुर थाना क्षेत्र के कचहरी टोला गांव के समीप घेराबंदी कर एक शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने तस्कर के पास से करीब 8 लीटर विदेशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।मामले की जानकारी देते हुए उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उत्पाद थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को क्षेत्र में मोटरसाइकिल से शराब की एक खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए उनके निर्देश पर एएसआई अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कचहरी टोला गांव के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देख तस्कर ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। जब मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, तो उससे लगभग 8 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।उत्पाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है और तस्कर को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य शराब धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है।
